शिमला,3 मार्च: अब सरकार को काम करना शुरू करना चाहिए, चले कामों को बंद करने का काम इस सरकार को अब बंद करना चाहिए। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भाजपा भवन निर्माण समिति की बैठक के बाद कही।
उन्होंने कहा कि उन्होंने आज स्वयं टेलीफोन से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की थी और उनसे जिस प्रकार से पूरे प्रदेश भर में कांग्रेस सरकारी संस्थान बंद कर रही हैं इसके बारे में विस्तृत रूप से चर्चा भी की। आज हिमाचल प्रदेश में 20 कॉलेजों को बंद कर दिया गया है यह निराशाजनक है।
उन्होंने कहा कि मेरे क्षेत्र का छतरी कॉलेज भी है, इस कॉलेज का भवन निर्माण हो चुका है, शिलान्यास भी कर दिया गया है, बजट का प्रावधान भी पूर्ण है। ए एन डी एस का काम पूरा हो चुका और जमीन भी दे दी गई है। यह कॉलेज 1 साल से चल रहा था और इसमें 60 बच्चे पढ़ भी रहे थे तब भी इस संस्थान को बंद कर दिया। यह गलत है”।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि अपने निर्णय का रिव्यु करें और जल्द ही यह सरकार ऐसे लिए गए निर्णयों का रिव्यु करेगी।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता में इन जनविरोधी निर्णय का बहुत रोष है। यह सभी कार्यालय जनता की मांग पर खोले गए थे और जनता की भावनाओं का अनादर करना ठीक नहीं है। अगर जनता को लगता है कि यह निर्णय गलत है तो लोग अपना रास्ता खुद ढूंढ लेंगे और कोर्ट भी जाएंगे यह निश्चित है, पूरे प्रदेश में हर विधानसभा में निराशा और अनड्रेस्ड का माहौल है।
उन्होंने कहा कि पहले 3 महीने में एक कैबिनेट हुआ करती थी अब हर दूसरे दिन कैबिनेट हुआ करती है। उन्होंने कहा कि आशा है कि कैबिनेट में जनता को परेशान करने वाले निर्णय नहीं लिए जाएंगे, जनहित के कार्यों पर इन कैबिनेट के फैसले का ध्यान केंद्रित होना चाहिए।