दिल्ली 29 नवंबर: दिल्ली में नगर निगम के चुनाव होने वाले हैं और हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार और जन संबोधन कर रहे हैं। दिल्ली की जनता से उन्होंने भाजपा प्रत्याशी मुनीश और सनरिका शर्मा को वोट देने की अपील की। मुनीश वार्ड नंबर 193 और सनरिका शर्मा वार्ड नंबर 217 से चुनाव लड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने जन संबोधन में अरविंद केजरीवाल सरकार पर जमकर हमला किया। उन्होंने दिल्ली की आप सरकार को घेरते हुए स्कूलों की व्यवस्था पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस बार जनता झूठ बोलने वालों को सत्ता से बाहर निकाल देगी।
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल हिमाचल में आकर बार-बार कहते रहे कि दिल्ली आइए और यहां के स्कूलों को देखिए। आज मैं दिल्ली आया हूं और कई वार्डों का दौरा किया, लेकिन मुझे कहीं पर भी नए शिक्षण संस्थान नहीं मिले। जयराम ठाकुर ने केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि केजरीवाल जी इतना भी झूठ तो मत बोलो। उन्होंने केजरीवाल को सलाह देते हुए कहा कि यदि शिक्षण संस्थान देखना है तो हिमाचल आइए।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दिल्ली की जनता से भाजपा प्रत्याशियों को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि उन्हें दिल्ली की जनता पर विश्वास है और निश्चित तौर पर जनता के आशीर्वाद से इन चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी।