कुल्लू,11 सितंबर: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के उपमंडल बंजार के बाहू में कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार सड़क से करीब 50 मीटर नीचे जा गिरी। हादसे में कार में सवार बंजार के भाजपा विधायक सुरेंद्र शौरी सहित सात लोग घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए बंजार अस्पताल लाया गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 11 बजे बाहू से एक कार में विधायक सुरेंद्र शौरी बंजार की ओर आ रहे थे। यह सभी बालों के पांजो पर्व में शरीक होने गए थे। बाहू के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर 50 मीटर नीचे लुढ़क गई। हादसे के बाद घायलों को 108 एंबुलेंस में बंजार अस्पताल लाया गया। हादसे में घायल हुए लोगों को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।